Jantar Mantar Protest Site RemovedJantar Mantar Protest Site Removed

Jantar Mantar Protest Site Removed: जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने वालों को गृह मंत्रालय ने तगड़ा झटका दिया है. दरअसल, दिल्ली में प्रदर्शन करने की जगहों को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है. दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन के लिए तय जगहों की सूची से हटा दिया है. अब राजधानी में प्रदर्शन के लिए तीन नई जगहों की पहचान की गई है. इनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी ग्राउंड शामिल हैं. पुलिस ने नए आदेश के जरिए प्रदर्शन से जुड़े पुराने नियमों में बदलाव किया है.

दिल्ली पुलिस के नए आदेश नंबर L&O/48/2026 के मुताबिक, यह फैसला गृह मंत्रालय (MHA) की ओर से बनाई गई एक समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है. इससे पहले 28 अप्रैल 2022 को प्रदर्शन की तय जगहों को लेकर आदेश जारी किया गया था. नया आदेश पुराने नियमों में कुछ बदलाव करता है. पुलिस का कहना है कि तीनों नई जगहों पर प्रदर्शन करने के लिए अलग-अलग नियम और दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे.

जंतर-मंतर की जगह अब कहां होगा प्रदर्शन?

जंतर-मंतर लंबे समय से दिल्ली में विरोध प्रदर्शन की प्रमुख जगह रहा है. यहां राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किए हैं. अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए भी लोग इस जगह का इस्तेमाल करते रहे हैं. अब नए आदेश के बाद रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड को प्रदर्शन के लिए तय किया गया है.

विपक्ष के विरोध के बीच आया फैसला

दिल्ली पुलिस का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब विपक्षी दल कथित चुनावी गड़बड़ियों और एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को लेकर अपना विरोध तेज कर रहे हैं. हालांकि, नए आदेश में तीनों जगहों के नाम बताए गए हैं, लेकिन वहां प्रदर्शन करने से जुड़े सभी नियम अभी सामने नहीं आए हैं. पुलिस बाद में मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और जरूरी दिशा-निर्देश जारी करेगी. इसके बाद प्रदर्शन करने वाले संगठनों को नए नियमों के अनुसार अपनी तैयारी करनी होगी.