IVRI Students Protestछात्रों की मांग पर चुप IVRI.

IVRI Student Protest: उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (Indian veterinary research institute) के छात्रों का इंटर्नशिप स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन 12 अक्टूबर 2026 को आठवें दिन भी जारी है. स्टूडेंट्स की मांग है कि स्टाइपेंड को 3000 रुपए से बढ़ाकर 25000 रुपए किया जाए. रविवार शाम करीब 4 बजे आईसीएआर के उप महानिदेशक (पशु विज्ञान) और IVRI के कार्यवाहक निदेशक डॉ. राघवेंद्र भट्ट ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात की. उन्होंने छात्रों को बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) उनकी मांगों पर जरूरी प्रक्रिया शुरू करेगी और इस मामले को आगे बढ़ाएगी. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया में काफी समय लग सकता है.

डॉ. राघवेंद्र भट्ट ने छात्रों से प्रदर्शन खत्म करने की अपील की. उन्होंने कहा कि आंदोलन वापस लेने से प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है. इसके बाद उन्होंने कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE) के सचिव और ICAR के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट (Mangi Lal) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस भी कराई. इस बातचीत में अधिकारियों ने छात्रों से व्यवस्था पर भरोसा रखने, प्रदर्शन खत्म करने और अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने को कहा. हालांकि, स्टूडेंट्स का यह भी आरोप है कि मांगी लाल ने उन्हें यह भी कहा कि वह प्रदर्शन खत्म करें नहीं तो उनपर एक्शन लिया जा सकता है.

 

 

छात्रों को नहीं मिली तारीख और रकम की जानकारी

बातचीत के बावजूद छात्रों को यह नहीं बताया गया कि उनकी मांगें कब तक पूरी होंगी. स्टाइपेंड बढ़ाकर कितनी रकम की जाएगी, इस पर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई. इससे छात्रों में निराशा बनी हुई है. उन्हें यह चिंता भी है कि प्रदर्शन जारी रखने को अधिकारी अपने प्रति अनादर के रूप में देख सकते हैं, जिससे उनकी मांगों पर होने वाली कार्रवाई प्रभावित हो सकती है.

छात्रों के भविष्य के साथ न हो खिलवाड़

स्टूडेंट्स ने बताया कि प्रदर्शन करने के लिए उनपर लगातार दबाव बनाया जा रहा है और यह भी कहा जा रहा है कि धरना में शामिल बच्चों के अटेंडेंस पर भी असर पड़ सकता है. छात्रों की मांग यह भी है कि छात्र छात्राओं पर किसी भी तरह का एक्शन न हो और उनके अटेंडेंस पर भी कोई असर न पड़े.