Rahul Dravid Son Anway Dravid: राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ ने अंडर-19 क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा है. 12 अक्टूबर को खेले गए वीनू मांकड़ ट्रॉफी के मुकाबले में अन्वय ने सिर्फ 41 गेंदों पर नाबाद 85 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी की मदद से कर्नाटक ने आर्यवीर सहवाग की कप्तानी वाली दिल्ली की टीम को 198 रन से हरा दिया. आर्यवीर, पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बड़े बेटे हैं. वहीं, अन्वय इस टूर्नामेंट में कर्नाटक की कप्तानी कर रहे हैं.
विशाखापत्तनम में खेले गए इस मुकाबले में कर्नाटक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट पर 418 रन बनाए. अन्वय ने अपनी नाबाद 85 रन की पारी में 7 चौके और 5 छक्के लगाए. उन्होंने ध्रुव कृष्णन के साथ तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 10.1 ओवर में 130 रन जोड़ दिए. ध्रुव ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों पर 103 रन बनाए. इसके अलावा नितीश आर्य ने 109 गेंदों पर 111 रन और आर रोहित रेड्डी ने 70 रन का योगदान दिया. अन्वय ने अनिकेत रेड्डी के साथ भी 57 रन की साझेदारी की.
आर्यवीर सहवाग की टीम 220 रन पर सिमटी
419 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम 41.1 ओवर में 220 रन ही बना सकी. इस तरह कर्नाटक ने मुकाबला 198 रन से जीत लिया. दिल्ली के कप्तान आर्यवीर सहवाग ने 35 गेंदों पर 32 रन बनाए, जिसमें 5 चौके शामिल थे. विकेटकीपर अभिराज गगन सिंह ने सबसे ज्यादा 59 रन बनाए. वहीं, उदय चावला ने 32 रन का योगदान दिया. कर्नाटक के ध्यायन एम हिरेमठ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके.
पहले मैच में 18 रन ही बना सके थे
अन्वय ने इस टूर्नामेंट में लगातार दूसरी बड़ी पारी खेली है. झारखंड के खिलाफ पहले मैच में वह 29 गेंदों पर 18 रन ही बना सके थे. इसके बाद चंडीगढ़ के खिलाफ 10 अक्टूबर को उन्होंने 62 गेंदों पर 102 रन ठोक दिए. अब दिल्ली के खिलाफ नाबाद 85 रन बनाकर उन्होंने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया है.
