Chalo Dilli: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने का ऐलान किया है. उन्होंने विपक्षी दलों, युवाओं और संविधान व लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों से इस मार्च में शामिल होने की अपील की है. राहुल गांधी ने कहा कि यह मार्च किसी राजनीतिक पार्टी, जाति, धर्म, राज्य या समुदाय के नाम पर नहीं, बल्कि भारतीय नागरिकों के तौर पर निकाला जाएगा.
दिल्ली में हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ मारपीट की गई. उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों पर पुलिसकर्मियों और बीजेपी समर्थकों ने हमला किया. राहुल गांधी ने कहा कि देश में ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए. उन्होंने लोगों से बिना डरे आगे आने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की.

राहुल गांधी ने मार्च में शामिल होने की अपील की
राहुल गांधी ने विपक्षी नेताओं और सामाजिक संगठनों से भी 12 अक्टूबर के मार्च में शामिल होने को कहा है. उन्होंने बताया कि लोगों की ओर से भारत के मुख्य न्यायाधीश को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा. राहुल गांधी के मुताबिक, इस ज्ञापन में कथित वोट चोरी रोकने, वोटर लिस्ट में बदलाव के लिए चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को बंद करने, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) हटाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने जैसी मांगें शामिल होंगी.
चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष का विरोध जारी
यह मार्च चुनाव आयोग और SIR प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के विरोध के बीच निकाला जा रहा है. विपक्षी दलों ने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है. राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का नाम लेते हुए कहा कि वे भारत की आवाज को दबा नहीं सकते. उन्होंने लोगों से प्यार, भाईचारे और देशभक्ति के साथ मार्च में शामिल होने की अपील की.
