Rohit Sharma 5 Wickets in Ranji Trophy: रणजी ट्रॉफी 2026-27 में डिफेंडिंग चैंपियन जम्मू-कश्मीर ने शानदार शुरुआत की है. रविवार को श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले के पहले दिन टीम ने मध्य प्रदेश को पहली पारी में 196 रन पर समेट दिया. जम्मू-कश्मीर ने इसी साल पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था और अब टीम की नजर अपना खिताब बचाने पर है. पहले दिन तेज गेंदबाज रोहित शर्मा ने अपनी गेंदबाजी से सभी का ध्यान खींचा.
32 साल के तेज गेंदबाज रोहित शर्मा ने रणजी ट्रॉफी में करीब दो साल बाद वापसी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 21.2 ओवर में 36 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए. इससे पहले उन्होंने अक्टूबर 2024 में सर्विसेज के खिलाफ मैच खेला था, जिसमें उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था. यह रोहित के फर्स्ट क्लास करियर का दूसरा पांच विकेट लेने वाला प्रदर्शन है. वह अब तक 22 फर्स्ट क्लास मैचों में 39 विकेट ले चुके हैं.
रोहित के अलावा बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सुनील कुमार ने भी शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने 23 ओवर में 69 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि औकीब नबी को एक सफलता मिली. मध्य प्रदेश की ओर से कप्तान शुभम शर्मा ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए. उन्होंने 174 गेंदों का सामना किया. वहीं, आर्यन पांडे ने 60 गेंदों पर 35 रन की पारी खेली. बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और पूरी टीम 74.2 ओवर में ऑलआउट हो गई.
पहली पारी में जम्मू-कश्मीर को लगा झटका
196 रन के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम को शुरुआत में ही झटका लगा. तेज गेंदबाज आवेश खान ने ओपनर शुभम खजूरिया को LBW आउट कर दिया. वह 10 गेंद खेलने के बाद बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू-कश्मीर ने एक विकेट पर 3 रन बना लिए थे. कमरान इकबाल 3 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि वंशज शर्मा का खाता नहीं खुला था. जम्मू-कश्मीर की टीम एलीट ग्रुप A में मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, विदर्भ, गोवा, बड़ौदा और पुडुचेरी के साथ शामिल है.
