दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में पावर बैंक में आग लगने की खबर सामने आई है. यह आग विमान के ऊपर बने सामान रखने वाले केबिन में लगी, जिसके बाद विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ना पड़ा. एक यात्री ने इस घटना का वीडियो बनाया, जिसमें सामान रखने वाली जगह से आग की लपटें निकलती दिखाई दे रही हैं. घबराए यात्रियों ने अपने बैग की मदद से आग बुझाने की कोशिश की. बाद में केबिन क्रू ने विमान में मौजूद अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया. विमान ने हैदराबाद में सुरक्षित लैंडिंग की. सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित बताए गए.
फ्लाइट में पावर बैंक में आग कैसे लगती है?
पावर बैंक में लिथियम-आयन या लिथियम-पॉलिमर बैटरी होती है, जिसमें काफी ऊर्जा जमा रहती है. अगर बैटरी खराब हो जाए, ज्यादा गर्म हो जाए या उसके अंदर कोई खराबी आ जाए, तो उसमें आग लग सकती है. कई बार बैटरी के अंदर शॉर्ट सर्किट होने से तापमान तेजी से बढ़ने लगता है. इस प्रक्रिया को थर्मल रनअवे कहा जाता है. इसमें बैटरी लगातार गर्म होती जाती है और धुआं, जहरीली गैसें या आग की लपटें निकल सकती हैं. खराब क्वालिटी, बैटरी को नुकसान पहुंचना और गलत तरीके से इस्तेमाल करना भी इसका कारण बन सकता है.
विमान में आग लगना क्यों है खतरनाक?
विमान के अंदर आग लगना बेहद गंभीर स्थिति होती है, क्योंकि बंद जगह में धुआं तेजी से फैल सकता है. ऊपर रखे बैगों के बीच लगी आग का तुरंत पता लगाना भी मुश्किल हो सकता है. धुएं से यात्रियों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है और तेज गर्मी से आसपास के सामान को नुकसान पहुंच सकता है. ऐसी स्थिति में पायलट यात्रियों की सुरक्षा के लिए विमान को दूसरे हवाई अड्डे पर उतारने का फैसला ले सकते हैं.
पावर बैंक रखते समय किन बातों का रखें ध्यान?
मार्च 2025 में भी हांगकांग एयरलाइंस की एक फ्लाइट में पावर बैंक में आग लगने के बाद विमान को दूसरे शहर में उतारा गया था. जुलाई 2025 में वर्जिन ऑस्ट्रेलिया की फ्लाइट में भी ऐसी घटना हुई थी. यात्रियों को खराब या फूली हुई बैटरी वाला पावर बैंक नहीं ले जाना चाहिए. अगर पावर बैंक अचानक गर्म हो जाए या उसमें से धुआं निकलने लगे, तो तुरंत क्रू मेंबर को बताना चाहिए. पावर बैंक को आमतौर पर केबिन बैगेज में रखना होता है. हालांकि, यात्रा से पहले एयरलाइन के नियम जरूर जांच लेने चाहिए.