मानसून जाने के बाद भी क्यों बरसे बादल?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली-NCR में अचानक बारिश की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) था. 11 अक्टूबर के मौसम बुलेटिन के अनुसार, यह सिस्टम हिमाचल प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौजूद था. पश्चिमी विक्षोभ एक ऐसा मौसमी सिस्टम है, जो पश्चिम की ओर से भारत पहुंचता है और उत्तर भारत में बारिश, आंधी और कभी-कभी ओले भी ला सकता है. इसका असर मानसून खत्म होने के बाद भी देखने को मिल सकता है.
इस हफ्ते फिर होगी बारिश?
बारिश की दूसरी वजह राजस्थान, पाकिस्तान और मध्य प्रदेश के आसपास बने मौसमी सिस्टम भी थे. इनके कारण हवा ऊपर उठी और वातावरण में मौजूद नमी से बादल बनने लगे. जब हवा में नमी ज्यादा होती है और मौसम में अस्थिरता रहती है, तो गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है. हरियाणा के कुछ इलाकों में बादलों की पट्टियां बनने से भी दिल्ली-NCR के मौसम पर असर पड़ा. यही वजह है कि एक इलाके में तेज बारिश हुई, जबकि दूसरे इलाके में हल्की बारिश देखने को मिली.
