Delhi Police Denies CJP protest
Cockroach Janta Party 10 October Protest: दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की मंजूरी देने से इनकार कर दिया है. पुलिस ने इसकी वजह कम समय पहले आवेदन देना, पिछले प्रदर्शनों के दौरान नियमों का पालन नहीं करना और नई दिल्ली इलाके में लागू पाबंदियों को बताया है. बता दें कि चुनाव आयुक्त में चल रही कथित गड़बड़ियों की वजह से इन दिनों देश में हर तरफ प्रोटेस्ट चल रहे है.
संयुक्त पुलिस आयुक्त नूपुर प्रसाद ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास की ओर से प्रदर्शन के लिए आवेदन मिला था. यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) की जवाबदेही को लेकर किया जाना था. नूपुर प्रसाद के मुताबिक, तय नियमों के अनुसार प्रदर्शन की अनुमति के लिए कम से कम 10 दिन पहले आवेदन देना जरूरी है, लेकिन पार्टी ने काफी कम समय पहले आवेदन किया.
निर्देशों का पालन नहीं किया
पुलिस अधिकारी ने आरोप लगाया कि पहले प्रदर्शन की अनुमति मिलने के बावजूद पार्टी ने कानूनी निर्देशों और अपनी ओर से किए गए वादों का पालन नहीं किया था. उन्होंने कहा कि इन बातों के अलावा इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए भी प्रदर्शन की मंजूरी नहीं दी गई. पुलिस का कहना है कि यह फैसला लोगों की सुरक्षा, शांति बनाए रखने और ट्रैफिक को सही तरीके से चलाने के लिए लिया गया है.
नुपुर प्रसाद ने और क्या कहा?
नूपुर प्रसाद ने यह भी बताया कि नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है. इसके तहत सार्वजनिक शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए कुछ पाबंदियां लगाई जा सकती हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि इन पाबंदियों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने साफ किया कि CJP को 10 अक्टूबर को प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गई है.