IVRI Student Protest: भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (Indian Veterinary research Institute) में इंटर्नशिप के दौरान स्टाइपेंड देने की मांग को लेकर आईसीएआर-आईवीआरआई (ICAR-IVRI) के छात्रों का प्रदर्शन जारी है. छात्रों के अनुसार 12 अक्टूबर को प्रदर्शन के आठवें दिन 9 छात्रों ने सुबह 9 बजे से भूख हड़ताल शुरू कर दी. जो कि आज यानी 13 अक्टूबर को भी जारी है. छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे हैं और स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.
छात्रों ने आरोप लगाया कि कई बार अनुरोध करने और दो दिन पहले सूचना देने के बावजूद संस्थान ने प्रदर्शन स्थल पर डॉक्टरों की टीम नहीं भेजी. छात्रों का कहना है कि भूख हड़ताल के दौरान उनकी सेहत पर नजर रखने के लिए मेडिकल टीम की जरूरत है, लेकिन अब तक डॉक्टर वहां नहीं पहुंचे.
प्रेस रिलीज के मुताबिक, पूरे दिन खाना नहीं खाने के कारण भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को तेज गर्मी और पेट दर्द की परेशानी हुई. छात्रों ने बताया कि भूख और एसिडिटी से राहत पाने के लिए वे सिर्फ पानी पी रहे थे. लंबे समय तक बिना खाना खाए प्रदर्शन करने से उनकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है.
मैनेजमेंट अभी भी चुप
छात्रों को उम्मीद है कि संस्थान के अधिकारी सुबह जल्द से जल्द डॉक्टरों की टीम प्रदर्शन स्थल पर भेजेंगे. उनका कहना है कि मेडिकल टीम की निगरानी में वे अपनी सेहत का ध्यान रखते हुए भूख हड़ताल जारी रख सकेंगे. फिलहाल, छात्रों ने इंटर्नशिप स्टाइपेंड की मांग को लेकर अपना विरोध जारी रखा है. ये दावे छात्रों की ओर से जारी प्रेस रिलीज पर आधारित हैं. संस्थान का पक्ष इस जानकारी में शामिल नहीं है. हालांकि, स्टूडेंट्स से बात करने के बावजूद मैनेजमेंट अभी तक किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंचा है.