Sachin Tendulkar Son Arjun Tendulkar
सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को रणजी ट्रॉफी 2026-27 के लिए गोवा की टीम में जगह नहीं मिली है. गोवा ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर को 16 खिलाड़ियों की टीम का ऐलान किया. रणजी ट्रॉफी का नया सीजन 11 अक्टूबर से शुरू होगा. गोवा को अपना पहला मैच बड़ौदा के खिलाफ खेलना है. यह मुकाबला गोवा के भाऊसाहेब बांदोडकर ग्राउंड पर खेला जाएगा.
गोवा की टीम की कप्तानी अभिनव तेजराना करेंगे. टीम में ललित यादव और सुयश प्रभुदेसाई जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं. ललित यादव पहले दिल्ली की टीम के लिए खेल चुके हैं, जबकि सुयश प्रभुदेसाई आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा रह चुके हैं. अर्जुन तेंदुलकर ने 2022 में गोवा के लिए रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था और अपने पहले ही मैच में शतक लगाया था. उनके पिता सचिन तेंदुलकर ने भी 1987 में मुंबई के लिए अपने पहले रणजी मैच में शतक बनाया था.
पिछले सीजन में अर्जुन का प्रदर्शन कैसा रहा?
27 साल के अर्जुन तेंदुलकर आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हैं. उन्होंने गोवा के लिए अपना पिछला रणजी मैच 29 जनवरी से 1 फरवरी 2026 के बीच केरल के खिलाफ खेला था. इस मैच में उन्होंने पहली पारी में 36 और दूसरी पारी में 24 रन बनाए थे. गेंदबाजी में उन्होंने पहली पारी में 109 रन देकर 2 विकेट लिए थे. 2025-26 के रणजी सीजन में अर्जुन ने गोवा के लिए सभी 7 मैच खेले थे. इस दौरान उन्होंने 153 रन बनाए और 15 विकेट लिए.
उमेश यादव को पंजाब की टीम में मिली जगह
अर्जुन तेंदुलकर को गोवा की टीम में जगह नहीं मिली, वहीं तेज गेंदबाज उमेश यादव को पंजाब की टीम में शामिल किया गया है. पंजाब को 11 अक्टूबर से न्यू चंडीगढ़ में असम के खिलाफ अपना पहला मैच खेलना है. उमेश पहले विदर्भ की टीम के लिए रणजी ट्रॉफी खेल चुके हैं. उन्होंने अब तक 124 फर्स्ट क्लास मैचों में 380 विकेट लिए हैं. अब वह पंजाब की ओर से इस सीजन में खेलते हुए नजर आएंगे.
