Noida International Airport Renamed Narendra Modi International Airport
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलने का फैसला किया है. शुक्रवार को लखनऊ में हुई कैबिनेट बैठक में एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा-जेवर’ रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से उत्तर प्रदेश को यह बड़ा एयरपोर्ट मिला है. उनके मुताबिक, आने वाले समय में यह राज्य का सबसे बड़ा एयरपोर्ट और देश का एक बड़ा विमानन केंद्र बन सकता है.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट बनने से उत्तर प्रदेश में हवाई सफर की सुविधा और बेहतर होगी. इसके साथ ही राज्य में सड़क और रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए भी कई परियोजनाओं पर काम किया गया है. मुख्यमंत्री ने दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का भी जिक्र किया. इन परियोजनाओं से लोगों को सफर करने में आसानी होगी और अलग-अलग शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी.
मेट्रो और नमो भारत ट्रेन का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत ट्रेन का भी जिक्र किया. उन्होंने इसे देश का पहला हाई-स्पीड रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) बताया. योगी के मुताबिक, इस परियोजना पर 30 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए गए हैं. उन्होंने कहा कि लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी मेट्रो नेटवर्क का विस्तार हुआ है. सरकार का कहना है कि इन सुविधाओं से लोगों की आवाजाही आसान होगी.
दादरी में माल ढुलाई के लिए अहम कनेक्शन
योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और माल ढुलाई से जुड़ी परियोजनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि दादरी पूर्वी और पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को जोड़ने वाला एक अहम केंद्र है. इन कॉरिडोर का 1,050 किलोमीटर से ज्यादा हिस्सा उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है. सरकार के मुताबिक, इन परियोजनाओं से सामान की ढुलाई बेहतर करने, उद्योगों को बढ़ावा देने और राज्य में कनेक्टिविटी मजबूत करने में मदद मिलेगी.