Anbil Mahesh Poyyamozhi: तमिलनाडु के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री और डीएमके नेता अनबिल महेश पोय्यामोझी को सोमवार, 26 अक्टूबर को चेन्नई सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया. मद्रास हाईकोर्ट द्वारा उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के कुछ ही समय बाद यह कार्रवाई की गई. मामला निजी स्कूलों को सरकारी मंजूरी देने में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा है.
मामले में आरोप है कि निजी स्कूलों के प्रबंधन से कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की रकम पार्टी फंड के नाम पर एकत्र की गई. जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या स्कूलों को सरकारी अनुमति, मान्यता, नवीनीकरण, दर्जा बढ़ाने और अन्य नियामकीय मंजूरी दिलाने का आश्वासन देकर यह रकम वसूली गई थी.
शिकायतों के आधार पर चेन्नई सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज किया था. सुनवाई के दौरान पोय्यामोझी के वकील ने दलील दी कि पूर्व मंत्री जांच में शामिल हुए थे, अधिकारियों के सवालों के जवाब दिए थे और जांच में सहयोग किया था. बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि पुलिस पहले ही तलाशी के दौरान दस्तावेज और अन्य सबूत जुटा चुकी है, इसलिए हिरासत में पूछताछ की आवश्यकता नहीं है.
