Jamia ProtestJamia Protest

Jamia Millia Islamia Protest: जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया था. प्रदर्शन कर रहे छात्रों को 30 मिनट के अंदर जगह खाली करने की चेतावनी दी गई थी. साथ ही कहा गया था कि अगर छात्र प्रदर्शन खत्म नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. हालांकि, अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है. सोमवार यानी 26 अक्टूबर को छात्रों और यूनिवर्सिटी प्रशासन के बीच समझौता होने के बाद करीब दो हफ्ते से चल रहा विरोध प्रदर्शन खत्म हो गया.

दरअसल, जामिया के छात्र 12 अक्टूबर से छात्र संघ चुनाव कराने की मांग कर रहे थे. उनका कहना था कि यूनिवर्सिटी में साल 2006 के बाद से छात्र संघ चुनाव नहीं हुए हैं. ऐसे में छात्रों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए एक चुना हुआ छात्र संघ होना जरूरी है. अपनी मांग मनवाने के लिए कुछ छात्र भूख हड़ताल पर भी बैठ गए थे. धीरे-धीरे प्रदर्शन तेज होता गया और यूनिवर्सिटी में तनाव बढ़ने लगा.

छात्रों और प्रशासन के बीच क्यों बढ़ा विवाद?

शनिवार को यूनिवर्सिटी के कुलपति मजहर आसिफ और रजिस्ट्रार मोहम्मद महताब आलम रिजवी अन्य अधिकारियों के साथ प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत करने पहुंचे थे. प्रशासन के मुताबिक, करीब दो घंटे तक छात्रों को प्रदर्शन खत्म करने के लिए समझाया गया, लेकिन वे नहीं माने. प्रशासन ने कुछ छात्रों पर शिक्षकों और सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया. वहीं, छात्रों का आरोप था कि उन्हें जबरदस्ती हटाने की कोशिश की गई. विवाद बढ़ने के बाद प्रशासन ने कक्षाएं ऑनलाइन करने का फैसला लिया.

समझौते में किन बातों पर बनी सहमति?

सोमवार को छात्रों और प्रशासन के बीच बातचीत के बाद समझौता हो गया. इसके तहत छात्र संघ के संविधान को मंजूरी मिलने के 15 दिनों के भीतर चुनाव कराए जाएंगे. प्रशासन छात्रों को जारी निलंबन आदेश और कारण बताओ नोटिस वापस लेगा. सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार की जांच के लिए समिति भी बनेगी. वहीं, छात्रों को कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी. इसके बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन खत्म कर दिया.