JIO Platform
Jio Platforms IPO: रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलीकॉम और डिजिटल सर्विसेज कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स अपना IPO लाने की तैयारी कर रही है. ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के एक शेयर की कीमत 1065 से 1119 के बीच रखी जा सकती है. अगर ऐसा होता है, तो यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO बन सकता है. हालांकि, कंपनी की ओर से इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
रिपोर्ट के अनुसार, जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO से ऊपरी प्राइस बैंड पर करीब 30,200 करोड़ जुटाए जा सकते हैं. इस कीमत पर कंपनी की कुल वैल्यू करीब 10.3 लाख करोड़ यानी 107 अरब डॉलर हो सकती है. हालांकि, IPO की कीमत और कंपनी की वैल्यूएशन में बदलाव हो सकता है. फिलहाल इन पर बातचीत जारी है.
कंपनी का IPO 21 अक्टूबर को खुलने और 23 अक्टूबर को बंद होने की उम्मीद है. वहीं, बड़े संस्थागत निवेशकों के लिए एंकर बुक 19 अक्टूबर को खुल सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरों की लिस्टिंग 28 अक्टूबर को हो सकती है. अगर यह IPO तय योजना के मुताबिक आता है, तो यह अक्टूबर 2024 में आए हुंडई मोटर इंडिया के 27800 करोड़ के IPO का रिकॉर्ड तोड़ सकता है.
जियो प्लेटफॉर्म्स ने जून में IPO के लिए शुरुआती दस्तावेज जमा किए थे. कंपनी इसमें 27 करोड़ तक नए शेयर जारी करने की योजना बना रही है, जो IPO के बाद कंपनी की कुल हिस्सेदारी का करीब 2.93% होगा. पहले कंपनी की वैल्यूएशन करीब ₹11 लाख करोड़ तक मानी जा रही थी, जबकि कुछ अनुमान इससे भी ज्यादा थे. मोतीलाल ओसवाल ने जून में कंपनी की वैल्यू 115 से 118 अरब डॉलर के बीच आंकी थी, जबकि डोलैट कैपिटल ने इसे करीब 110 अरब डॉलर बताया था. इस IPO को संभालने के लिए कंपनी ने कोटक महिंद्रा कैपिटल, मॉर्गन स्टेनली, बैंक ऑफ अमेरिका और सिटीग्रुप समेत 19 बैंकों को नियुक्त किया है.
