Fusion CX IPO GMP
Fusion CX ने अपने आईपीओ के लिए शेयर की कीमत 275 से 289 रुपए के बीच तय की है. कंपनी का आईपीओ 14 अक्टूबर को खुलेगा और 16 अक्टूबर को बंद होगा. इस आईपीओ के जरिए कंपनी 702 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है. ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से आईपीओ के बाद कंपनी की कुल बाजार वैल्यू करीब 4,258 करोड़ रुपये होगी. निवेशक कम से कम 51 शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं. इसके बाद 51 शेयरों के गुणक में आवेदन करना होगा. एंकर निवेशकों के लिए बोली लगाने की प्रक्रिया 13 अक्टूबर से शुरू होगी. इस IPO की GMP अभी के अनुसार 40 रुपए प्रति शेयर दिख रही है.
इस आईपीओ में नए शेयर जारी करने के साथ कंपनी के प्रमोटर पीएनएस बिजनेस और रशीश कंसल्टेंट अपनी हिस्सेदारी के कुछ शेयर भी बेचेंगे. कंपनी को दिसंबर 2025 में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) से आईपीओ लाने की मंजूरी मिली थी. आईपीओ में 75 फीसदी हिस्सा बड़े संस्थागत निवेशकों, 15 फीसदी गैर-संस्थागत निवेशकों और 10 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए रखा गया है. कंपनी आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, अपनी सहयोगी कंपनियों ओमाइंड टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और ओमाइंड टेक्नोलॉजीज इंक में निवेश करने, आईटी सुविधाओं को बेहतर बनाने और कारोबार बढ़ाने के लिए करेगी.
कोलकाता में मुख्यालय वाली Fusion CX ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल करती है. कंपनी फोन कॉल, ईमेल, चैट, सोशल मीडिया और मैसेज के जरिए ग्राहकों की मदद करती है. इसके ग्राहक टेलीकॉम, टेक्नोलॉजी, ट्रैवल, बैंकिंग, बीमा, रिटेल और हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों से जुड़े हैं. साल 2004 में शुरू हुई इस कंपनी के 13 देशों में 40 डिलीवरी सेंटर हैं. इसमें 13,700 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं और कंपनी 28 भाषाओं में सेवाएं देती है. हाल ही में कंपनी ने ऑस्ट्रेलिया की वीए प्लेटिनम को खरीदा था, जो उसकी 16वीं खरीदारी थी.
सेबी में दाखिल जानकारी के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में Fusion CX का मुनाफा दोगुने से ज्यादा बढ़कर 170 करोड़ रुपये हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 74.40 करोड़ रुपये था. कंपनी की कमाई भी 1,329 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,818 करोड़ रुपये हो गई. आईपीओ के लिए नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट, आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज और मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स प्रमुख प्रबंधक हैं. कंपनी के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर लिस्ट होंगे.