बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में चार आरोपियों को पकड़ा है. इनमें हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले कुनाल और सुमित के अलावा उत्तर प्रदेश की राधा और बबीता शामिल हैं. मुंबई पुलिस की सीआईडी ने अदालत से अनुमति मिलने के बाद चारों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों को पूछताछ के लिए तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड भी मिली है.पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले में कुनाल की भूमिका अहम बताई जा रही है. वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था. बताया गया है कि हरियाणा के हरसाना गांव में रहने वाले एक दोस्त के जरिए उसकी मुलाकात कथित गैंगस्टर अनिल पंडित से हुई थी. इसके बाद दोनों एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए संपर्क में रहने लगे. जांच में सामने आया है कि अनिल पंडित के निर्देश पर कुनाल अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस लेकर आया था.
राधा के बैग में रखी थी पिस्टल, मुंबई में सौंपी गई
जांच के अनुसार, 15 अक्टूबर को कुनाल राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचा. बताया जा रहा है कि पिस्टल राधा के बैग में रखी गई थी. 17 अक्टूबर को दोनों महिलाएं मुंबई के दादर स्टेशन पहुंचीं और एक होटल में ठहरीं. उसी दिन सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़का होटल के पास राधा से बैग लेकर चला गया. पुलिस इस बैग में रखे हथियार को फायरिंग की घटना से जोड़कर जांच कर रही है.
फायरिंग के बाद आरोपियों को मुंबई से निकालने की तैयारी
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई. इसके बाद अनिल पंडित ने कथित तौर पर कुनाल से संपर्क किया और मुंबई में फंसे शूटरों को बाहर निकालने की व्यवस्था करने को कहा. इसी दिन राधा और बबीता ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं. 20 अक्टूबर को पुलिस ने दोनों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ा, जबकि कुनाल और सुमित को सोनीपत से हिरासत में लिया गया. अब जांच एजेंसियां हथियारों की सप्लाई, कथित शूटरों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगा रही हैं.
