Gurugram Police Seize TruckGurugram Police Seize Truck
Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसे ट्रक को जब्त किया है, जिस पर 242 चालान बकाया थे. इन चालानों की कुल रकम 35.43 लाख रुपये थी. पुलिस ने मंगलवार को बिलासपुर चौक के पास जांच के दौरान ट्रक को रोका. जब चालक से गाड़ी के जरूरी कागजात मांगे गए, तो वह उन्हें नहीं दिखा सका. इसके बाद पुलिस ने जांच की और ट्रक पर बकाया चालानों का पता चला. जिसके बाद ट्रक को जब्त किया गया.

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, बिलासपुर चौक पर तैनात एएसआई प्रशांत मंगलवार को वाहनों की नियमित जांच कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने एक ट्रक को रुकवाया और चालक से गाड़ी के दस्तावेज दिखाने को कहा. चालक के कागजात नहीं दिखा पाने पर पुलिस ने वाहन की जांच की. इस दौरान पता चला कि ट्रक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की अलग-अलग धाराओं के तहत 242 चालान दर्ज हैं. इन सभी चालानों की कुल रकम 35,43,800 रुपये थी. इतनी बड़ी रकम के चालान लंबे समय से बकाया होने के कारण पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया.

ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस इन दिनों नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है. इस अभियान के तहत उन वाहन मालिकों पर कार्रवाई की जा रही है, जिन्होंने लंबे समय से अपने चालान नहीं भरे हैं. पुलिस का कहना है कि वाहन चालकों को समय पर चालान भरने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है.

वाहनो चालकों से की गई अपील

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के प्रवक्ता विकास वर्मा ने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखें. इनमें वैध इंश्योरेंस, प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र (पीयूसी) और अन्य जरूरी कागजात शामिल हैं. उन्होंने कहा कि समय पर चालान भरना और ट्रैफिक नियमों का पालन करना जरूरी है. इससे सड़क हादसों को रोकने और सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा करने में मदद मिलती है. पुलिस ने साफ किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई जारी रहेगी.