Phir Hera Pheriक्या हेराफेरी 3 आएगी? (Photo Credit: Shemaroo)

Hera Pheri 3: दिग्गज फिल्म डायरेक्टर  प्रियदर्शन ने अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी की कॉमेडी फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्हें नहीं लगता कि यह फिल्म कभी बन पाएगी. फिल्म पहले से ही कई विवादों और परेशानियों में घिरी हुई है. कुछ समय पहले परेश रावल ने फिल्म से अलग होने का फैसला किया था, जिसके बाद अक्षय कुमार की ओर से उन्हें 25 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजे जाने की खबर सामने आई थी. हालांकि, बाद में परेश रावल फिल्म में लौटने के लिए तैयार हो गए. वहीं, प्रियदर्शन के भी फिल्म से पीछे हटने के बाद इसके भविष्य पर सवाल उठने लगे हैं.

एक इंटरव्यू में प्रियदर्शन ने कहा कि ‘हेरा फेरी 3’ से दूर होने के पीछे कई वजहें हैं. उन्होंने कहा कि इन उलझनों को समझाने के लिए उन्हें कई अध्याय लिखने पड़ेंगे. जब उनसे पूछा गया कि क्या यह फिल्म कभी बन पाएगी, तो उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि यह फिल्म कभी बन पाएगी.” प्रियदर्शन का मानना है कि किसी भी फिल्म का दूसरा हिस्सा तभी बनाना चाहिए, जब उसकी कहानी पहले से बेहतर हो.

भा‍गम भाग 2 का निर्देशन भी नहीं करेंगे प्रियदर्शन

प्रियदर्शन ने अपनी हिट कॉमेडी फिल्म ‘भागम भाग’ के दूसरे हिस्से का निर्देशन करने से भी मना कर दिया है. साल 2006 में आई इस फिल्म में अक्षय कुमार, परेश रावल और गोविंदा नजर आए थे. प्रियदर्शन ने कहा कि किसी फिल्म का सीक्वल तभी बनाना चाहिए, जब उसमें पहले हिस्से से बेहतर कहानी हो. उन्होंने ‘द टर्मिनेटर’ फिल्म सीरीज का उदाहरण देते हुए कहा कि उसका दूसरा हिस्सा पहली फिल्म से बेहतर था.

सीक्वल बनाने के लिए सिर्फ कमाई काफी नहीं

प्रियदर्शन के मुताबिक, कई फिल्ममेकर पहली फिल्म की सफलता को देखकर उसका दूसरा हिस्सा बनाने का फैसला करते हैं. वे कहानी पर काम करने के बजाय पुरानी फिल्म की लोकप्रियता का फायदा उठाना चाहते हैं. प्रियदर्शन ने बताया कि अक्षय कुमार ने उनसे ‘भागम भाग 2’ का निर्देशन करने के बारे में पूछा था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया. उनका मानना है कि अगर दूसरी फिल्म अच्छी नहीं बनी, तो इससे पहली फिल्म के लिए दर्शकों का प्यार भी कम हो सकता है. इसलिए वह बिना अच्छी कहानी के किसी सीक्वल का हिस्सा नहीं बनना चाहते.