Diljit Dosanjh Delhi Concert Cancel ReasonDiljit Dosanjh Delhi Concert Cancel Reason

Diljit Dosanjh Delhi Concert Cancel Reason: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के दिल्ली में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. 30 अक्टूबर 2026 को होने वाले इस कार्यक्रम को दिल्ली पुलिस ने मंजूरी देने से इनकार कर दिया है. पुलिस ने सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को इसकी वजह बताया है. यह शो दिलजीत के ‘ऑरा इंडिया टूर’ का हिस्सा है. पुलिस के इस फैसले से उन फैंस को झटका लगा है, जो दिल्ली में उनके लाइव कॉन्सर्ट का इंतजार कर रहे थे.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजकों को अनुमति नहीं देने की जानकारी दी है. पुलिस का कहना है कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. त्योहारों के दौरान राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी जिम्मेदारी होती है. ऐसे समय में बड़े कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर भी सावधानी बरती जाती है. हालांकि, पुलिस ने किन खास कारणों से कॉन्सर्ट को मंजूरी नहीं दी, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

पहले भी बदली गई थी कॉन्सर्ट की तारीख

दिलजीत दोसांझ का यह कॉन्सर्ट पहले 1 नवंबर को होने वाला था. बाद में इसकी तारीख बदलकर 30 अक्टूबर कर दी गई थी. रिपोर्ट्स के अनुसार, पंजाब से राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों से प्रभावित परिवारों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए तारीख बदलने की अपील की थी. इसके बाद कार्यक्रम की तारीख में बदलाव किया गया. अब पुलिस से अनुमति नहीं मिलने के कारण शो के आयोजन पर सवाल खड़े हो गए हैं.

फैंस को अधिक जानकारी की इंतजार

फिलहाल, कॉन्सर्ट को लेकर आगे का फैसला सामने नहीं आया है. जिन लोगों ने इसके टिकट खरीदे हैं, उन्हें आयोजकों और टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म की आधिकारिक जानकारी पर नजर रखनी चाहिए. शो रद्द होगा या इसकी तारीख में फिर बदलाव किया जाएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है. टिकट के पैसे वापस मिलने को लेकर भी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.