Nushrratt BharucchaNushrratt Bharuccha
Nushrratt Bharuccha Discharge: बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा के फैंस के लिए राहत की खबर है. बाली में हुए हादसे के बाद उनकी स्पाइन सर्जरी सफल रही है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. एक्ट्रेस की टीम ने गुरुवार को उनकी सेहत से जुड़ा अपडेट शेयर किया. नुसरत अब घर लौट आई हैं और अपनी सेहत में सुधार लाने पर ध्यान दे रही हैं. हालांकि, उन्हें पूरी तरह ठीक होने में अभी समय लगेगा.

नुसरत इसी महीने काम और घूमने के सिलसिले में बाली गई थीं. इस दौरान उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था. पहले उन्हें बाली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट करके मुंबई लाया गया. मुंबई पहुंचने पर उन्हें एंबुलेंस से स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाते हुए देखा गया था. उनके परिवार के लोग और दोस्त भी उस समय उनके साथ मौजूद थे. डॉक्टरों ने जांच के बाद सर्जरी की सलाह दी थी.

नुसरत की सर्जरी सफल, अब घर पर चल रहा इलाज

नुसरत की टीम ने बताया कि उनकी सर्जरी सफल रही है और अब वह घर पर आराम कर रही हैं. टीम के मुताबिक, एक्ट्रेस इस मुश्किल समय में भी सकारात्मक सोच बनाए हुए हैं. फिलहाल उनका पूरा ध्यान ठीक होने और दोबारा ताकत हासिल करने पर है. टीम ने यह भी साफ किया कि पूरी तरह ठीक होने में समय लगेगा. इसके साथ ही नुसरत के लिए दुआ करने और उनका हाल पूछने वाले सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया गया.

अस्पताल से शेयर की थी खास तस्वीर और वीडियो

नुसरत ने अस्पताल में रहते हुए सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ कुछ झलकियां शेयर की थीं. अपनी पहली पोस्ट में उन्होंने अस्पताल से डूबते सूरज की तस्वीर साझा की थी. इसके साथ उन्होंने लिखा था, ‘मैं हमेशा से सूर्यास्त के पीछे भागती रही हूं, लेकिन अचानक मेरा नजारा बदल गया. मगर मेरे दोस्त, अभी तस्वीर बाकी है.’ कुछ दिनों बाद उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वह मुस्कुराती नजर आईं. उस समय टीवी पर शाहरुख खान और काजोल की फिल्म ‘दिलवाले’ का गाना ‘गेरुआ’ चल रहा था. अब फैंस को उनके पूरी तरह ठीक होने का इंतजार है.