Vidhana SoudhaVidhana Soudha AI Blast

Vidhana Soudha AI Blast:  बेंगलुरु में सोशल मीडिया पर विधानसभा भवन में बम धमाका होने का फर्जी वीडियो शेयर करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान 25 वर्षीय हजरत अली के रूप में हुई है. वह बिहार के अररिया जिले का रहने वाला है और काम की तलाश में कुछ महीने पहले बेंगलुरु आया था. पुलिस के मुताबिक, वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया था. इसमें कर्नाटक की विधानसभा विधान सौधा में धमाका होते हुए दिखाया गया था.

पुलिस के मुताबिक, यह वीडियो 20 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया था. वीडियो में आरोपी विधान सौधा की ओर पिस्तौल चलाने जैसा इशारा करता दिखाई देता है. इसके बाद इमारत में जोरदार धमाका होने का दृश्य दिखाया गया है. वीडियो के साथ ऐसा कैप्शन भी लिखा गया था, जिससे लोगों को विधानसभा पर हमले का भ्रम हो सकता था.

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ी जानकारी और डिजिटल रिकॉर्ड की मदद से आरोपी का पता लगाया गया. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. बताया गया है कि हजरत अली बेंगलुरु में पाइप फिटिंग का काम करता था.

पुलिस जांच रही है वीडियो बनाने की वजह

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने ऐसा वीडियो क्यों बनाया और इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के पीछे उसका क्या मकसद था. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वीडियो तैयार करने या उसे फैलाने में किसी दूसरे व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी. विधान सौधा कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में स्थित एक प्रमुख सरकारी इमारत है. यहां राज्य की विधानसभा और विधान परिषद की कार्यवाही होती है. ऐसी संवेदनशील इमारत में बम धमाके का फर्जी वीडियो लोगों के बीच डर और भ्रम पैदा कर सकता है. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आरोपी के मकसद को लेकर जांच पूरी होने का इंतजार है.