Aamir Shokeen ArrestedAamir Shokeen Arrested

सोशल मीडिया पर त्रिपुरा के एक युवक के साथ नस्लीय टिप्पणी करने के आरोप में इन्फ्लुएंसर आमिर शौकीन को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के करोलबाग इलाके से पकड़ा. उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था, जिसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया. मामला केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू तक पहुंचने के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी तेज हो गई थी.

वायरल वीडियो में क्या था?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आमिर शौकीन त्रिपुरा के एक युवक के साथ कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी करता दिखाई दिया. वीडियो में उसने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और युवक का मजाक भी उड़ाया. बताया जा रहा है कि यह वीडियो गुजरात के अहमदाबाद में बनाया गया था. आरोप है कि आमिर ने इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था. वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने उसके व्यवहार पर नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की.

छात्रों की शिकायत के बाद पुलिस ने लिया एक्शन
वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली में त्रिपुरा स्टूडेंट्स फोरम से जुड़े छात्र पुलिस के पास पहुंचे. उन्होंने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. शुरुआती जांच के मुताबिक, यह वीडियो करीब 30 दिन पहले अहमदाबाद में बनाया गया था. वहीं, आमिर शौकीन ने दावा किया कि वीडियो पहले से तय स्क्रिप्ट के आधार पर बनाया गया था. गिरफ्तारी से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपने व्यवहार के लिए माफी भी मांगी थी.

किरेन रिजिजू ने जताई नाराजगी
यह मामला केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू तक पहुंचा. उन्होंने वीडियो पर नाराजगी जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. इसके बाद मामले को लेकर चर्चा और तेज हो गई. दिल्ली पुलिस ने अब आमिर शौकीन को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर की जाएगी.