भारतीय वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल आगामी सीरीज के लिए जमकर तैयारी कर रहे हैं। गिल 4 नवंबर से शुरू होने वाली कीवी टीम के खिलाफ वनडे सीरीज में कप्तानी संभालेंगे। सीरीज के आगाज से पहले ऑकलैंड में अभ्यास के दौरान कप्तान शुभमन गिल एक अनोखे गैजेट के साथ पसीना बहाते दिखाई दिए।

माथे पर चिपका नजर आया खास डिवाइस

अभ्यास सत्र के दौरान शुभमन गिल के माथे पर एक खास मशीन चिपकी हुई थी, जिसने सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया। यह एक मॉडर्न फिटनेस-ट्रैकिंग डिवाइस है, जिसे TEMPLE नाम दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह डिवाइस अभी बाजार में आम तौर पर उपलब्ध नहीं है। इसे जोमैटो के को-फाउंडर दीपिंदर गोयल के नए स्टार्टअप द्वारा तैयार किया गया है। इसकी कीमत 84,999 रुपये है और इसका प्री-ऑर्डर 1 नवंबर से शुरू होने वाला है।

क्या है TEMPLE डिवाइस की खासियत?

पारंपरिक फिटनेस गैजेट्स के मुकाबले यह डिवाइस काफी अलग है। इसे हाथ में पहनने के बजाय सीधे माथे पर चिपकाना पड़ता है। यह गैजेट केवल सामान्य फिटनेस मेट्रिक्स को ही नहीं, बल्कि दिमाग से जुड़े संकेतों को भी ट्रैक करने की क्षमता रखता है।

  • यह दिमाग में रक्त प्रवाह और तंत्रिका तंत्र की प्रतिक्रिया की निगरानी करता है।
  • दबाव की स्थिति में मानसिक तनाव के स्तर को मापता है।
  • ब्रेन फ्लो तकनीक और ऑप्टिकल सेंसर के जरिए सेरेब्रल ब्लड फ्लो में बदलाव ट्रैक होते हैं।
  • यह ऑक्सीजन के स्तर और संज्ञानात्मक लोड पर नजर रखता है।
  • इसमें एंट्रॉपी स्कोर का फीचर है, जो व्यायाम, नींद और तनाव के असर से होने वाले शारीरिक तनाव को बताता है।

कैसे काम करती है यह तकनीक?

इस आधुनिक डिवाइस के भीतर पीपीजी यानी फोटोप्लेथाईस्मोग्राफी तकनीक का उपयोग किया गया है। यह तकनीक आमतौर पर स्मार्टबैंड और फिटनेस बैंड में भी मिलती है। पीपीजी के जरिए त्वचा के ऊपर से लाइट प्रवेश करती है और ब्लड में होने वाले बदलावों को ट्रैक करती है। इसके बाद सारा डेटा सिस्टम द्वारा एनालाइज किया जाता है, जिसे मोबाइल ऐप के जरिए आसानी से देखा जा सकता है।