यूक्रेन के साथ लंबे समय से जारी संघर्ष के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूरोपीय देशों को स्पष्ट संदेश दिया है। नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे और फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ टेलीफोन पर बातचीत के बाद पुतिन ने कहा कि मॉस्को यूरोप के साथ जंग नहीं चाहता है, लेकिन किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

2030 तक संघर्ष और विनाशकारी परिणामों की चेतावनी

राष्ट्रपति पुतिन ने जिक्र किया कि यूरोप में कई देश 2030 तक रूस के साथ संभावित संघर्ष की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रूस और यूरोप के बीच सीधी जंग छिड़ती है, तो इस टकराव में कोई भी पक्ष विजेता नहीं रहेगा और इसके परिणाम बेहद विनाशकारी होंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रूस यूरोपीय संघ और अन्य देशों के साथ अपने संबंध सुधारने के लिए तैयार है।

बाल्टिक सागर में होर्मुज स्ट्रेट जैसे हालात बनने की आशंका

मॉस्को में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने बाल्टिक सागर में आवाजाही पर कथित पाबंदियों और रूसी जहाजों को लेकर यूरोपीय नीतियों पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानूनों का पालन नहीं किया गया, तो बाल्टिक सागर की स्थिति फारस की खाड़ी या होर्मुज स्ट्रेट जैसी हो सकती है। पुतिन ने कहा कि रूस ऐसी स्थिति नहीं चाहता, लेकिन तनाव बढ़ने पर किसी भी चुनौती का जवाब जरूर दिया जाएगा।

यूरोप और नाटो की चिंताएं

खुफिया रिपोर्टों और यूरोपीय सैन्य अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन युद्ध के बाद से रूस और यूरोपीय देशों के संबंध बेहद तनावपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं। यूरोपीय संघ और नाटो ने किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए अपनी ‘डिफेंस रीडनेस रोडमैप 2030’ के तहत सैन्य खर्च बढ़ाना शुरू कर दिया है। रूस पश्चिमी देशों द्वारा यूक्रेन को दिए जा रहे हथियारों पर लगातार कड़ी आपत्ति जताता रहा है।