राहुल गांधी ने कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्वक तिरंगा फहराना कोई अपराध नहीं है. उन्होंने प्रदर्शन करने वाले युवाओं को जेल भेजने के फैसले की आलोचना की. राहुल ने छात्रों, युवाओं, पत्रकारों और विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी लोग अलग-अलग झंडों के साथ अपनी आवाज उठा सकते हैं, लेकिन उनका मकसद अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना है. राहुल ने यह भी कहा कि जंतर-मंतर देश की जनता का है और इसे वापस हासिल किया जाएगा.
CJP इस साल नीट पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के दौरान चर्चा में आई थी. संगठन ने छात्रों को एकजुट कर केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन को आगे बढ़ाया. इस मामले में कांग्रेस ने भी सरकार से जवाब मांगा था, लेकिन उसने सीधे तौर पर CJP के आंदोलन का सपोर्ट नहीं किया था. जुलाई में हुए प्रदर्शनों के दौरान दोनों पक्षों के बीच मतभेद भी सामने आए थे. राहुल गांधी ने उस समय छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा अलग से उठाया था.
भाजपा के खिलाफ एकजुट होने की अपील
मंगलवार को हुई विपक्षी दलों की बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई. सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा प्रदर्शनकारियों को कांग्रेस और CJP के बीच मतभेद दिखाकर बांटने की कोशिश कर रही है. उन्होंने सभी समूहों से आपसी मतभेद भुलाकर साथ आने की बात कही.
