Phalgun GuptaPhalgun Gupta Wins Gold Medal at National Champion
Phalgun Gupta: गुरुग्राम की 10 साल की फाल्गुन गुप्ता ने टेबल टेनिस में शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है. उन्होंने पंचकूला में 6 से 13 अक्टूबर तक आयोजित दूसरी नेशनल टेबल टेनिस रैंकिंग टूर्नामेंट के अंडर-11 गर्ल्स वर्ग में गोल्ड मेडल जीता. 9 अक्टूबर को खेले गए फाइनल में फाल्गुन ने हरियाणा की ही खिलाड़ी माही कुमार को 3-1 से हराया. इस मुकाबले में करीब 140 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था.
खास बात यह है कि फाल्गुन ने पिछले साल इसी टूर्नामेंट में सिल्वर मेडल जीता था, लेकिन इस बार उन्होंने गोल्ड अपने नाम कर लिया. गुरुग्राम के सेक्टर 67ए में रहने वाली फाल्गुन को बचपन से ही टेबल टेनिस में दिलचस्पी थी. जब वह छह साल की थीं, तब अपने माता-पिता के साथ बड़े भाई को टेबल टेनिस अकादमी छोड़ने जाती थीं. भाई को खेलते देखकर उनके मन में भी इस खेल को सीखने की इच्छा हुई. इसके बाद सात साल की उम्र में उन्होंने खुद टेबल टेनिस खेलना शुरू कर दिया. फाल्गुन ने बताया कि टेबल टेनिस खेलने से उन्हें शांति मिलती है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है. उनके मुताबिक, इस खेल ने उनके व्यक्तित्व को बेहतर बनाने में भी मदद की है.

रोज 6 घंटे करती हैं प्रैक्टिस, भारत के लिए खेलने का सपना

फाल्गुन हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने भी उनकी जीत पर बधाई दी. फाल्गुन गुरुग्राम के सेक्टर 57 स्थित मीएसओटीटी (मृणाल्स एलीट स्कूल ऑफ टेबल टेनिस) में कोच मृणाल मंडल से ट्रेनिंग लेती हैं. मृणाल पूर्व राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं और करीब दो साल से उन्हें प्रशिक्षण दे रहे हैं. टूर्नामेंट से पहले फाल्गुन रोज छह घंटे अभ्यास करती थीं. इसमें सुबह दो घंटे और शाम को चार घंटे की प्रैक्टिस शामिल थी.

हरियाणा में बढ़ रही टेबल टेनिस की लोकप्रियता

कम उम्र में ही वह हरियाणा की अंडर-13 रैंकिंग में दूसरे और अंडर-15 वर्ग में चौथे स्थान पर हैं. अब उनका सपना कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करना है. उनके कोच का कहना है कि हरियाणा में टेबल टेनिस की लोकप्रियता बढ़ रही है और इस बार राष्ट्रीय टूर्नामेंट में राज्य के खिलाड़ियों ने तीनों शीर्ष स्थान हासिल किए.