Sourav Das and Ashutosh rankaSourav Das and Ashutosh ranka

CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास, आशुतोष रंका और अजिंक्य शिंदे को मंगलवार सुबह दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया. ये सभी नेता जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने पहुंचे थे. यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब एक दिन पहले जंतर-मंतर को प्रदर्शन के लिए तय जगह के दर्जे से हटा दिया गया था. पार्टी के नेता इस फैसले का विरोध करने के लिए वहां पहुंचे थे.

प्रदर्शन का एक वीडियो CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर शेयर किया. वीडियो में सौरव दास, आशुतोष रंका और अजिंक्य शिंदे समेत पार्टी के कुछ कार्यकर्ता गेट के ऊपर से चढ़कर अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं. उनके हाथों में झंडे थे. अंदर पहुंचने के बाद उन्होंने नारे लगाने शुरू कर दिए. इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की. प्रदर्शनकारियों ने “भारत माता की जय” और “इंकलाब जिंदाबाद” के नारे भी लगाए.

जंतर-मंतर पर क्यों पहुंचे CJP के नेता?

अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि सौरव दास, आशुतोष रंका और अजिंक्य शिंदे समेत कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. उन्होंने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के दर्जे से हटाने के फैसले पर सवाल उठाए. पार्टी का कहना है कि उसके नेता इस जगह को फिर से प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल करने की मांग को लेकर वहां पहुंचे थे. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर तक बहस भी हुई.

सौरव दास ने सोशल मीडिया पर क्या बताया?

CJP ने एक बयान जारी कर कहा कि उसके नेता और कार्यकर्ता मंगलवार सुबह जंतर-मंतर के प्रदर्शन स्थल में दाखिल हुए थे. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया. सामने आए वीडियो में आशुतोष रंका हाथ में तिरंगा लिए नजर आ रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें अपने साथ ले जाती दिखाई दे रही है. सौरव दास ने भी सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो शेयर किया. उन्होंने लिखा कि वह कुछ लोगों के साथ जंतर-मंतर पहुंचे थे और वहां पहुंचते ही उन्हें हिरासत में ले लिया गया. पार्टी के नेताओं ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के दर्जे से हटाने के फैसले का विरोध किया है.