Sanjay Dutt Hanuman AnshSanjay Dutt Hanuman Ansh

Hanuman Ansh Box Office Collection: बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की युवा प्रोड्यूसर अनूप्रिया नागर की जमकर तारीफ की है. महज 21 साल की उम्र में अनूप्रिया ने ऐसी फिल्म बनाई है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म की दुनियाभर में कमाई 435 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है. संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर अनूप्रिया के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें इस सफलता के लिए बधाई दी.

संजय दत्त ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा कि उन्होंने अपने करियर में कई फिल्मों को आते-जाते देखा है, लेकिन 21 साल की उम्र में अनूप्रिया ने जो हासिल किया है, वह काबिलेतारीफ है. उन्होंने फिल्म के लिए अनूप्रिया की मेहनत और लगन की तारीफ की. अभिनेता ने यह भी कहा कि अनूप्रिया ने लोगों को एक साथ जोड़कर एक छोटी फिल्म को बड़ी सफलता दिलाई है. संजय ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए कहा कि वह उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स में भी उनका साथ देंगे. उन्होंने अनूप्रिया पर गर्व जताया और कहा कि उनकी कहानी अभी शुरू हुई है.

क्या है फिल्म हनुमान अंश की कहानी?

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ उनके ही किताब ‘डिवाइन डेटूर: दैट चेंज्ड माई लाइफ’ पर आधारित है. फिल्म में नीब करौरी बाबा की कहानी दिखाई गई है, जिन्हें नीम करौली बाबा के नाम से भी जाना जाता है. वह भगवान हनुमान के भक्त और आध्यात्मिक गुरु थे. फिल्म में शोभिनव सत्य मुख्य भूमिका में हैं. उनके अभिनय को सहज और स्वाभाविक अंदाज के लिए पसंद किया गया है.

पहले दिन हुई थी सिर्फ 10 लाख रुपये की कमाई

‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन केवल 10 लाख रुपये कमाए थे. रिलीज के दो हफ्ते बाद तक इसकी कमाई करीब 1.5 करोड़ रुपये थी. ऐसे में दुनियाभर में 435 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई का दावा फिल्म को चर्चा में ले आया है. हालांकि, इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.