Shubman Gill to Miss Ranji Trophy 1st MatchShubman Gill to Miss Ranji Trophy 1st Match

Shubman Gill: भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल रणजी ट्रॉफी में पंजाब की ओर से पहला मुकाबला नहीं खेल पाएंगे. पंजाब को अपना शुरुआती मैच असम के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में खेलना है. हालांकि, उम्मीद है कि गिल 18 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ के खिलाफ होने वाले दूसरे मुकाबले में टीम के साथ जुड़ सकते हैं. गिल की गैरमौजूदगी में पूर्व भारतीय अंडर-19 कप्तान उदय सहारण पंजाब की कप्तानी संभालेंगे.

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की चयन समिति ने भारतीय खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए कहा है. इसके बाद कई बड़े खिलाड़ी अपनी-अपनी राज्य की टीमों के लिए मैदान पर उतर रहे हैं. रवींद्र जडेजा सौराष्ट्र, केएल राहुल कर्नाटक और तेज गेंदबाज आकाश दीप बंगाल की टीम से खेल रहे हैं. शुभमन गिल भी पहले कह चुके हैं कि बड़ी टेस्ट सीरीज से पहले खिलाड़ियों को लाल गेंद से ज्यादा से ज्यादा क्रिकेट खेलना चाहिए. इससे उन्हें टेस्ट मैचों की तैयारी करने में मदद मिलती है.

पंजाब की टीम में कौन-कौन खेलेगा?
पंजाब की टीम में तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ भी शामिल हैं. गिल ने उन्हें पहले राष्ट्रीय टीम के सेटअप में चुना था. वहीं, विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह और ऑलराउंडर नमन धीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में व्यस्त होने के कारण शुरुआती दो मुकाबले नहीं खेलेंगे. युवा खिलाड़ी विहान मल्होत्रा को टीम में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है. हालांकि, इस बारे में अभी कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है.

न्यूजीलैंड सीरीज से पहले गिल की तैयारी
शुभमन गिल के पहला मैच नहीं खेलने की वजह अभी तक आधिकारिक तौर पर नहीं बताई गई है. उन्हें इंडिया ए टीम में भी जगह नहीं मिली है. ऐसे में रणजी ट्रॉफी में खेलना उनके लिए न्यूजीलैंड दौरे से पहले अपनी तैयारी मजबूत करने का अच्छा मौका हो सकता है. उम्मीद है कि गिल न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीन वनडे मैच खेलेंगे. इसके बाद उनका ध्यान टेस्ट सीरीज पर होगा. उनकी गैरमौजूदगी में श्रेयस अय्यर भारतीय टीम की कप्तानी कर सकते हैं. पंजाब के लिए रणजी ट्रॉफी का सफर आसान नहीं होगा, क्योंकि उसके ग्रुप में कर्नाटक, सौराष्ट्र और आंध्र प्रदेश जैसी मजबूत टीमें भी शामिल हैं.

रणजी ट्रॉफी के लिए पंजाब की टीम: हरनूर पन्नू, विहान मल्होत्रा, अंशुल चौधरी, उदय सहारन (कप्तान), जश्नप्रीत सिद्धू, सलिल अरोड़ा, रमनदीप सिंह, अनमोल मल्होत्रा, हरप्रीत बराड़, इमानजोत सिंह चहल, हरजस टंडन, गुरनूर बराड़, उमेश यादव, गुरसिमरन सिंह, सनवीर सिंह और सहज धवन.